बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दो चरणों में मतदान, 14 नवंबर को नतीजे
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली/पटना। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बिहार की 243 विधानसभा सीटों (38 अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति आरक्षित) के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। राज्य में दो चरणों में मतदान होगा — पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। कुल 7.43 करोड़ मतदाताओं में 3.92 करोड़ पुरुष और 3.50 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इस बार का चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर वाला माना जा रहा है। वहीं जन सुराज और एआईएमआईएम जैसे दल समीकरण को जटिल बना सकते हैं। महिला मतदाता फिर होंगे निर्णायक बिहार में महिला मतदाता लगातार अधिक मतदान कर रही हैं और इस बार भी ‘किंगमेकर’ की भूमिका में दिख रही हैं। एनडीए महिला केंद्रित योजनाओं के सहारे उन्हें साधने की कोशिश में है, जबकि महागठबंधन रोजगार और सामाजिक न्याय के वादों पर फोकस कर रहा है। गठबंधनों की रणनीति और मुद्दे एनडीए नीतीश कुमार के सुशासन, पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और कल्याणकारी योजनाओं पर चुनाव लड़ रहा है। वहीं महागठबंधन बेरोजगारी, शिक्षा और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों को प्रमुखता दे रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सीमांचल और शहरी इलाकों में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है, जहां जन सुराज और एआईएमआईएम दोनों गठबंधनों की गणित बिगाड़ सकते हैं। निष्कर्ष जाति, विकास और नेतृत्व के मुद्दों पर टिका यह चुनाव न केवल बिहार की, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति की दिशा भी तय करेगा।
भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया, क्रांति गौड़ बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
✍️ भागीरथी यादव कोलंबो। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान को 88 रन से पराजित किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की मजबूत बल्लेबाजी, ऋचा घोष का तेजतर्रार अंत भारतीय टीम की शुरुआत सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 23 और रावल ने 31 रन का योगदान दिया। हरलीन देओल ने टीम के लिए सर्वाधिक 46 रन बनाए। उनकी 65 गेंदों की पारी में 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। जेमिमा रोड्रिग्स (32), दीप्ति शर्मा (25) और स्नेह राणा (20) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। अंत में विकेटकीपर ऋचा घोष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए और भारत को 247 रन तक पहुंचाया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन बनाए। पाकिस्तान की पारी बिखरी, सिद्रा अमीन का संघर्ष व्यर्थ लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। हालांकि सिद्रा अमीन ने 106 गेंदों पर 81 रन (9 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली। उनके अलावा नतालिया परवेज ने 33 और सिद्रा नवाज ने 14 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दो अंकों में भी नहीं पहुंच सके। भारत की घातक गेंदबाजी, क्रांति गौड़ ने चमक बिखेरी भारत की तरफ से क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में मात्र 20 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने 9 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट लिए और स्नेह राणा ने 2 विकेट हासिल किए। क्रांति गौड़ को उनके उम्दा प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा आज, शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
✍️ भागीरथी यादव पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की औपचारिक घोषणा आज सोमवार को की जा सकती है। चुनाव आयोग ने सोमवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, इसलिए 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव उस तिथि से पहले कराए जाने आवश्यक हैं। 2020 में तीन चरणों में हुए थे चुनाव पिछला बिहार विधानसभा चुनाव वर्ष 2020 में तीन चरणों में संपन्न हुआ था। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान हुआ था। मतगणना 10 नवंबर को की गई थी। चुनाव आयोग ने की तैयारियों की समीक्षा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ बिहार में चुनाव तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। दो दिवसीय बिहार दौरे के बाद आयोग ने रविवार को तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए कई नई पहलें लागू की जाएंगी। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग चुनाव आयोग ने बताया कि इस बार सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। मतदाता जब मतदान करने जाएंगे, तो ईवीएम पर उम्मीदवारों के नाम के साथ उनकी रंगीन तस्वीरें भी दिखाई देंगी। इसके अलावा, मतदाता पर्ची पर उम्मीदवारों के नाम बड़े अक्षरों में छापे जाएंगे, ताकि मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र और उम्मीदवारों की पहचान करने में आसानी हो। मोबाइल फोन की मिलेगी अनुमति एक अहम बदलाव के तहत मतदाताओं को अब मतदान केंद्रों के बाहरी क्षेत्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। यह सुविधा पहली बार लागू की जा रही है। राजनीतिक दलों को 100 मीटर दूरी पर बूथ लगाने की अनुमति चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को मतदान केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर पोलिंग एजेंट बूथ स्थापित करने की अनुमति दी है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए, राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (BLA) को मतदान शुरू होने से पहले मॉक पोल में शामिल होने और मतदान समाप्ति के बाद फॉर्म 17सी जमा करने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी गांधी जयंती की शुभकामनाएं, कहा – गांधीजी के आदर्श आज भी प्रासंगिक
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि गांधी जयंती हमारे लिए गांधीजी के आदर्शों और मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि गांधीजी का संदेश शांति, सहिष्णुता और सत्य पूरी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत है और आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने याद दिलाया कि गांधीजी ने अपने जीवनभर अछूत प्रथा, निरक्षरता, नशे की लत और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष किया। वह समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि गांधीजी का विचार आत्मनिर्भरता पर आधारित था और चरखा उसका प्रतीक था। चरखा उनके लिए ऐसे भारत का सपना था, जो स्वावलंबी और शिक्षित हो। साथ ही उन्होंने हर कार्य की गरिमा और श्रम के सम्मान का संदेश भी दिया। राष्ट्रपति ने अपील की कि इस पावन अवसर पर सभी नागरिक सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने, राष्ट्र की उन्नति के लिए कार्य करने और गांधीजी के सपनों को साकार करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर एक ऐसा भारत बनाना है जो स्वच्छ, सक्षम, सशक्त और समृद्ध हो।
तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना
✍️ भागीरथी यादव चेन्नई। चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने बुधवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक के आसार जताए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत और उत्तरी अंडमान सागर पर सक्रिय वायुमंडलीय परिसंचरण के चलते मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है। आरएमसी ने बताया कि उत्तरी अंडमान सागर पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बुधवार को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव प्रणाली विकसित हो सकती है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 2 अक्टूबर तक मध्य और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहराएगी। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह 3 अक्टूबर के आसपास दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ सकती है और उस दौरान भूस्खलन की संभावना भी है। चेन्नई में बादल और हल्की बारिश चेन्नई में दिनभर आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारी बारिश का अलर्ट 2 अक्टूबर: चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची और तिरुवन्नामलाई जिलों में भारी बारिश की संभावना। 3 अक्टूबर: चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, कल्लाकुरिची, अरियालुर, पेरम्बलुर, मयिलादुथुराई और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट। मछुआरों के लिए चेतावनी आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। दक्षिण और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जलक्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम एवं मध्य-उत्तरी बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान सागर के तटीय हिस्सों में खराब मौसम की आशंका है। साथ ही, उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ इलाकों में भी खतरनाक समुद्री स्थिति की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
त्योहारी सीजन में झटका: कमर्शियल गैस सिलेंडर 16 रुपये तक महंगा, घरेलू सिलेंडर की कीमतें बरकरार
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। त्योहारों के सीजन में आम लोगों को राहत देते हुए जहां घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 16 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं। नई दरें इस प्रकार हैं: दिल्ली: 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 15.50 रुपये महंगा होकर अब 1595.50 रुपये कोलकाता: 16 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 1700.50 रुपये मुंबई: 16 रुपये महंगा होकर 1547 रुपये चेन्नई: नई कीमत 1754.50 रुपये वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली: 853 रुपये कोलकाता: 879 रुपये मुंबई: 852.50 रुपये चेन्नई: 868.50 रुपये विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की जेब पर पड़ेगा, जिससे त्योहारी सीजन में खाने-पीने की वस्तुएं महंगी हो सकती हैं।
सितंबर में यूपीआई लेनदेन में जबरदस्त उछाल, 19.63 अरब ट्रांजेक्शन दर्ज
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। डिजिटल भुगतान प्रणाली यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ने सितंबर माह में नया रिकॉर्ड बनाया है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 में यूपीआई लेनदेन की संख्या सालाना आधार पर 31% बढ़कर 19.63 अरब हो गई। वहीं, इन लेनदेन की कुल वैल्यू 21% बढ़कर 24.90 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई। मासिक आधार पर भी बढ़त दर्ज की गई। अगस्त में यह वैल्यू 24.85 लाख करोड़ रुपए रही थी, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 24.90 लाख करोड़ तक पहुंचा। औसतन सितंबर में रोजाना 65.4 करोड़ लेनदेन हुए, जिनकी वैल्यू लगभग 82,991 करोड़ रुपए रही। अगस्त में यह औसत 64.5 करोड़ लेनदेन और 80,177 करोड़ रुपए था। गौरतलब है कि अगस्त में पहली बार यूपीआई ने 20 अरब मासिक लेनदेन का आंकड़ा पार किया था। वहीं 2 अगस्त को रिकॉर्ड 70 करोड़ से अधिक लेनदेन दर्ज हुए थे। उच्च मूल्य लेनदेन के लिए नई सीमा एनपीसीआई ने यूपीआई पर हाई-वैल्यू ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए कुछ बदलाव भी किए हैं। पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) लेनदेन: सीमा 10 लाख रुपए (24 घंटे) तक बढ़ाई गई। क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान: एक लेनदेन में 5 लाख रुपए तक संभव, 24 घंटे में अधिकतम 6 लाख रुपए। कैपिटल मार्केट और इंश्योरेंस पेमेंट: सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए प्रति लेनदेन, दैनिक सीमा 10 लाख रुपए। सरकारी ई-मार्केटप्लेस: सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए। यात्रा बुकिंग, ऋण चुकौती और ईएमआई भुगतान: सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए। हालांकि, पर्सन-टू-पर्सन (P2P) लेनदेन की सीमा अभी भी 1 लाख रुपए प्रति दिन ही रखी गई है। डिजिटल इकोनॉमी को मजबूत करने की दिशा में यह कदम यूपीआई को और अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बना रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: ECI ने अंतिम मतदाता सूची जारी, 7.42 करोड़ मतदाता शामिल
✍️ भागीरथी यादव पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची में लगभग 7.42 करोड़ मतदाता शामिल हैं। आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई। मतदाता सूची की उपलब्धता और प्रक्रिया निर्वाचन आयोग ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची की भौतिक और डिजिटल प्रतियां राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही कोई भी मतदाता इसे ऑनलाइन voters.eci.gov.in पर देख सकता है। इस प्रक्रिया में शामिल प्रमुख अधिकारी और संस्थाएं: मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार सभी 38 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) 243 निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ERO) 2,976 सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी (AERO) लगभग 1 लाख बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) लाखों स्वयंसेवक सभी 12 प्रमुख राजनीतिक दल इन दलों के जिला अध्यक्ष और उनके द्वारा नियुक्त 1.6 लाख से अधिक बूथ स्तरीय एजेंट (BLA) ने भी इसमें सहयोग दिया। मीडिया का भी धन्यवाद किया गया, जिसने जागरूकता फैलाने में मदद की। महत्वपूर्ण जानकारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पहले सभी राजनीतिक दलों को दी गई थी। जिन नामों को शामिल नहीं किया गया, उनकी सूची जिला स्तर पर DEO और DM कार्यालयों के साथ-साथ CEO बिहार की वेबसाइट पर भी सार्वजनिक की गई। प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 326 और निर्वाचन आयोग के आदर्श वाक्य “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो” के अनुरूप की गई। यदि कोई पात्र व्यक्ति अभी भी अपना नाम जोड़ना चाहता है, तो वह नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक आवेदन कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि को लेकर असंतुष्ट व्यक्ति जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष और द्वितीय अपील CEO के समक्ष दाखिल कर सकता है।
पियूष गोयल ने 30वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट में भारत की विकास रणनीति के तीन स्तंभ बताए
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत की विकास रणनीति तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है – आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा। यह बातें उन्होंने 30वें सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) पार्टनरशिप समिट के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में कहीं। गोयल ने बताया कि आत्मनिर्भरता का अर्थ है ऐसी आपूर्ति और मूल्य श्रृंखला बनाना जो वैश्विक झटकों से प्रभावित न हो। आत्मविश्वास का मतलब है कि भारत पूरी दुनिया से समान भागीदारी के साथ जुड़ा रहे। वहीं, आत्मरक्षा का उद्देश्य राष्ट्रीय और वैश्विक हितों की रक्षा करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण जी20 थीम “वसुधैव कुटुंबकम – एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य” से मेल खाता है। मंत्री ने कहा कि मजबूत साझेदारियां तकनीक, विश्वास, व्यापार, प्रतिभा और परंपरा पर आधारित होती हैं। उन्होंने वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि देश आज एक “ओएसिस” की तरह उभर रहा है। गोयल ने दुर्गाष्टमी के दिन होने का जिक्र करते हुए इसे शक्ति और दृढ़ता का प्रतीक बताया। उन्होंने आंध्र प्रदेश की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा दिया, हैदराबाद को आईटी हब बनाया और अमरावती को आधुनिक राजधानी के रूप में विकसित किया। मंत्री ने बताया कि आंध्र प्रदेश में तीन औद्योगिक कॉरिडोर – कृष्णपट्टनम, ओर्वकल और कोप्पारथी विकसित हो रहे हैं। गोयल ने कहा कि जीएसटी सुधार से उपभोक्ताओं पर कर का बोझ घटेगा, प्रक्रियाएं सरल होंगी और खपत आधारित विकास को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवंबर में विशाखापट्टनम में होने वाला 30वां सीआईआई पार्टनरशिप समिट भारत और उसके साझेदारों के बीच वैश्विक सहयोग को और मजबूत करेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायडू ने भी निवेशकों को आमंत्रित किया और कहा कि वे समिट में शामिल होकर राज्य में नई निवेश संभावनाओं की तलाश करें।
भागलपुर में सनसनी: पति ने पत्नी और बेटी को गोली मारी, खुद को भी किया घायल
✍️ भागीरथी यादव बिहार, भागलपुर: जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के बदलूचक गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक शख्स ने अपनी पत्नी और बेटी को गोली मारी और फिर खुद को चाकू मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। तीनों की हालत गंभीर सूत्रों के मुताबिक घायलों की पहचान मोहम्मद मजहर, उसकी पत्नी अफरोज और बेटी शकीला के रूप में हुई है। बताया गया कि गुस्से में मजहर ने पत्नी के पेट में गोली चलाई, जो आर-पार होकर पास में सो रही बेटी शकीला के सीने में जा फंसी। पत्नी अफरोज को गंभीर हालत में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। बेटी शकीला का इलाज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर में चल रहा है। आरोपी मजहर ने खुद को भी चाकू मार लिया और फिलहाल पुलिस कस्टडी में इलाजरत है। पत्नी पर शक बना वारदात की वजह सूत्रों के अनुसार, मजहर को पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। अस्पताल में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि गुस्से में उसने गोली चलाई। पुलिस ने संभाली स्थिति सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गाँव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
















