करूर भगदड़: विजय ने की मुआवजे की घोषणा, दुख साझा करते हुए कहा – “यह अपूरणीय क्षति है”
✍️ भागीरथी यादव करूर में हुई भगदड़ की घटना ने पूरे तमिलनाडु को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 95 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेता विजय ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति है, जिसे कोई भी शब्द या सांत्वना कम नहीं कर सकती। विजय ने कहा, “आपके परिवार का हिस्सा होने के नाते, इस दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ा रहना मेरा कर्तव्य है।” मुआवजे की घोषणा विजय ने घोषणा की कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजन खोए हैं, उन्हें 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों और इलाज करा रहे लोगों को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि धनराशि किसी भी प्रकार से इस दर्द की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन एक-दूसरे का साथ देना परिवार का कर्तव्य है। संवेदनाएँ और अपील विजय ने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की और भरोसा दिलाया कि TVK इलाज करा रहे लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से धैर्य और शक्ति बनाए रखने की अपील की और कहा कि ईश्वर की कृपा से हम सब इस कठिन समय से उबरेंगे।
विश्व पर्यटन दिवस आज : पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व पर जोर
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर को पूरे विश्व में धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर का उद्देश्य पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना है। साथ ही यह दिवस सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को हासिल करने में पर्यटन क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करता है। संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO) द्वारा वर्ष 1980 से इस दिवस की शुरुआत की गई थी। तब से यह दिन पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने और वैश्विक स्तर पर लोगों के बीच आपसी समझ व भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक बन चुका है। पर्यटन न केवल रोजगार सृजन का प्रमुख साधन है बल्कि यह देशों की सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक सुंदरता को भी वैश्विक पहचान दिलाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जिम्मेदार पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में सतत विकास की दिशा में बड़ी भूमिका निभाएगा। भारत समेत पूरी दुनिया में आज विभिन्न आयोजन, सेमिनार, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य पर्यटन को नई दिशा देना और लोगों को यात्रा के महत्व से अवगत कराना है।
बिहार सरकार ने परिवहन विभाग को सौंपा 4962 करोड़ का राजस्व लक्ष्य
✍️ भागीरथी यादव पटना: बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 4962 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह लक्ष्य तय किया है। इसका उद्देश्य राज्य में वित्तीय संसाधनों को मजबूत करना और परिवहन बुनियादी ढांचे के विकास को गति देना है। विभाग ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक और प्रवर्तन निरीक्षकों को पत्र जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि वे राजस्व वसूली में पूरी सक्रियता दिखाएँ। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि राजस्व में बढ़ोतरी से सड़क सुरक्षा, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विकास और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। परिवहन विभाग का मानना है कि नए लक्ष्य की प्राप्ति से राज्य के विकास में तेजी आएगी। राजस्व वृद्धि से सड़कों का रखरखाव, नए पुलों का निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही, आधुनिक परिवहन प्रणालियों और सुरक्षा उपायों के जरिए आम जनता को भी लाभ मिलेगा।
सड़क हादसा: तीन बसों की भिड़ंत, 20 यात्री घायल
✍️ भागीरथी यादव महराजगंज। राष्ट्रीय राज्य मार्ग 730 पर अगया पुल के पास शुक्रवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। परिवहन निगम की तीन बसों के बीच हुई जोरदार टक्कर में करीब 20 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार राप्तीनगर डिपो की बस को चालक अनिल कुमार गोरखपुर से महराजगंज ला रहे थे, जबकि महराजगंज डिपो की बस लेकर चालक झीनक महराजगंज से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी बीच महराजगंज डिपो की एक अन्य बस भिटौली निवासी चालक कृष्णा चला रहे थे। ओवरटेक के दौरान उनकी बस सामने से आ रही राप्तीनगर डिपो की बस से टकरा गई और देखते ही देखते तीनों बसें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस चालक अनिल कुमार और कृष्णा को गंभीर चोटें आई हैं और उनके दाएं पैर टूट गए हैं। घायलों में ठूठीबारी के वीरेंद्र चौहान, मधुवनी के अमरनाथ व सुमन, बरगदवा की आरती व रामधनी, महराजगंज के रामप्रसाद, निचलौल के उतरी चंद, गोरख अग्रहरी, मानती देवी, अंजू अग्रहरि, उमंग अग्रहरि, आशीष अग्रहरि, जगदौर के इस्लाम और हरपुर कला के नाथू सहित करीब 20 यात्री शामिल हैं। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही भिटौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होंगे जनसेवक घनश्याम श्रीवास
भूषण प्रसाद श्रीवास, बिलासपुर/तखतपुर जनसेवा और रक्तदान आंदोलन में अभूतपूर्व योगदान देने वाले बिलासपुर जिले के युवा समाजसेवी घनश्याम श्रीवास को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 21 से 24 सितंबर तक आयोजित नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (NIFAA) के रजत जयंती उत्सव में उन्हें नेशनल अवार्ड प्रदान किया जाएगा। उद्घाटन एवं सम्मान समारोह 21 सितंबर को होगा। घनश्याम श्रीवास बिलासपुर जिले के ऐसे पहले युवा समाजसेवी होंगे जिन्हें लगातार 10 वर्षों में सर्वाधिक पुरस्कारों से नवाजा गया है। उन्होंने सर्व मानव जागृत रक्तदान समिति के माध्यम से हजारों युवाओं को रक्तदान से जोड़ा और हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पहचान एक सच्चे जनसेवक और युवाओं के प्रेरणास्रोत के रूप में बनी है। जिले में यह कहावत मशहूर है— “जहां सेवा की जरूरत, वहां घनश्याम श्रीवास।” सम्मान को लेकर घनश्याम श्रीवास ने कहा— “यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं बल्कि पूरे बिलासपुर जिले की है। जनता के विश्वास और रक्तवीर साथियों के सहयोग से ही यह संभव हुआ।”
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ
सुकमा, 10 सितम्बर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ किया। यह योजना प्रदेश की बालिकाओं के लिए शिक्षा एवं सशक्तिकरण का नया अध्याय साबित होगी। योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों से नियमित 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को देश के किसी भी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान में अध्ययन हेतु वार्षिक ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे आर्थिक कारणों से पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर होने वाली बेटियों को नई दिशा मिलेगी। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को और मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल एक योजना नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता व समाजिक परिवर्तन की नींव है।
प्रधानाध्यापिका निलंबित
स्कूल की प्रिंसिपल सस्पेंड रिश्वत लेने का आरोप ठेकेदार से मांगा था 50 हजार रुपये का कमीशन बरेली। प्राथमिक विद्यालय म्यूड़ीखुर्द, विकास खंड बिथरी चैनपुर की प्रधानाध्यापिका सरिता वर्मा को घूसखोरी के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट किया है कि शिक्षिका पर भ्रष्टाचार निरोधक संगठन, बरेली की ओर से गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से थाना कोतवाली बरेली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ठेकेदार राजकुमार ने अवैध कमीशन के रूप में 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की। निलंबन आदेश के अनुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रधानाध्यापिका सरिता वर्मा पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप प्रथम दृष्टया साबित हुआ है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने आदेश में कहा है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सरिता वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। मामले में फतेहगंज पश्चिमी के खंड शिक्षा अधिकारी भानुशंकर गंगवार को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
गिड़गिड़ाई, फूट-फूटकर रोई महिला अफसर
लोक सदन भागीरथी यादव बोली- प्लीज छोड़ दो… मामला – 4 लाख घूस लेते रंगे हाथ पकड़े जाने का हैदराबाद- तेलंगाना में हैदराबाद की टाउन प्लानिंग ऑफिसर को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। टाउन प्लानिंग महिला ऑफिसर ने एक सरकारी काम के लिए दस लाख रुपये घूस में डील की थी। उस दस लाख रुपये में चार लाख रुपये अडवांस लेते हुए उन्हें पकड़ा गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नरसिंगी नगरपालिका कार्यालय में की है। नगर नियोजन अधिकारी का नाम मनिहारिका है। जब उन्हें पकड़ा गया तो वह फूट-फूटकर रोने लगीं। मनिहारिका पर आरोप है कि उन्होंने भूमि नियमितीकरण योजना (एलआरएस) के तहत विनोद नाम के एक व्यक्ति के आवेदन को मंजूरी नहीं दी। उसने कई चक्कर काटे और फाइल रोके जाने का कारण पूछा। उसे बार-बार दफ्तर में बुलाकर लौटा दिया गया। बाद में उसे 10 लाख रुपये की रिश्वत देने को कहा गया। विनोद ने टाउन प्लानिंग ऑफिसर के घूस मांगे जाने की शिकायत एसीबी में दर्ज कराई। जिसके बाद जाल बिछाकर अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर के नेतृत्व में एसीबी अधिकारियों की एक टीम नगरपालिका कार्यालय में तलाशी ले रही थी। अधिकारी मनिहारिका द्वारा पूर्व में मंजूर की गई फाइलों की जांच कर रहे थे। मनिहारिका को जैसे ही घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया वह फफककर रो पड़ीं। वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगीं और एक बार माफ करने को कहना लगीं। अफसरों ने बताया कि उन्होंने कान पकड़े और हाथ जोड़े। वह खूब रोईं लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हाल के दिनों में एसीबी द्वारा कई महिला अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। 4 सितंबर को, नलगोंडा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला मत्स्य अधिकारी एम. चरिथा रेड्डी को शिकायतकर्ता की मत्स्य सहकारी समिति में नए सदस्यों को शामिल करने की मंज़ूरी देने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। रंगाराड्डी जिले के अमंगल मंडल के तहसीलदार चिंताकिंडी ललिता और मंडल सर्वेक्षक कोटा रवि को शिकायतकर्ता से भूमि पंजीकरण पूरा करने और शिकायतकर्ता की दादी की ज़मीन से संबंधित भूमि अभिलेखों में मुद्रण संबंधी गलतियों को ठीक करने के लिए 1 लाख रुपये की मांग करते और 50,000 रुपये स्वीकार करते हुए पकड़ा गया।
राज्य स्तरीय शूटिंग में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन। जूनियर और सीनियर वर्ग में जीता 3 मेडल
लोक सदन भारतीय राइफल संघ के तत्वाधान छत्तीसग़ढ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 24वी राज्य स्तरीय शूटिंग स्पर्धा का आयोजन रायपुर में किया गया | उक्त स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 250शूटर्स ने भाग किया। 29 अगस्त से 8 सितंबर तक माना शूटिंग रेंज में संपन्न प्रतियोगिता का आयोजन जिंदल स्टील एवं पावर लिमिटेड द्वारा किया गया था। उक्त स्पर्धा में कोरबा के खिलाड़ियो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। माना शुटिंग रेंज में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अपने उद्बोधन में श्री साव ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विजेता खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उक्त स्पर्धा में कोरबा के 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमें से सौम्या विश्वकर्मा ने गोल्ड मेडल, अक्षय कुमार एंथोनी ने सिल्वर , अभिजीत कुमार ने ब्रांज मेडल जीता। टीम स्पर्धा में रायफल शूटिंग में कोरबा की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। केंद्रीय विद्यालय की छात्रा सौम्या विश्वकर्मा ने जूनियर वुमेन ओपनसाइट 50मी प्रोन पोजीशन राइफल शूटिंग में गोल्ड मेडल हासिल किया। जिसमें छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण विभाग कोरबा के एस टी एम संभाग में पदस्थ अक्षय कुमार एंथोनी ने 50m सीनियर ओपन साइट राइफल शूटिंग प्रोन पोजीशन में सिल्वर मैडल जीता। इसके साथ ही अक्षय कुमार ने ऑल इंडिया G.V. मावलंकर प्री नेशनल शूटिंग जीवी चैंपियनशिप भोपाल के लिए क्वालिफाई किया | सीनियर मास्टर मेन्स वर्ग में एनटीपीसी रिटायर्ड कर्मी अभिजीत कुमार आनंद ने पिस्टल इवेंट में तीसरा स्थान प्राप्त किया। कोरबा टीम के खिलाड़ियों को नेशनल रेनाउंड मेडलिस्ट आकाश सराफ एवं अक्षय कुमार एंथोनी ने प्रशिक्षण दिया था। कोरबा के शूटिंग खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए नगर पालिक निगम को के सभापति व कोरबा डिस्ट्रिक्ट रायफल एसोसिएशन के सचिव नूतनसिंह ठाकुर, कोरबा जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफ़र,शूटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रंजन प्रसाद, रायफल एसोसिएशन के निरज शर्मा, मोनू सिंह, पियूष सिंह, हेमंत गौतम, डॉ जितेन्द्र यादव, डॉ यामिनी बोर्डे आदि ने बधाई दी।














