दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, सिर में चोट:CM हाउस में जनसुनवाई में आया था आरोपी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह CM आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें थप्पड़ मारा गया। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने कहा- आरोपी ने CM का हाथ पकड़कर खींचा। वे मेज के कोने से टकराईं। सिर पर चोट आई है। थप्पड़ वाली बात गलत है। हमले की पुष्टि करते हुए दिल्ली CM ऑफिस ने बयान जारी किया। इसमें कहा गया- आज जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया। उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ की जा रही है। घटना पर दिल्ली कांग्रेस ने कहा- अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य महिला-पुरुष की सुरक्षा कैसे हो सकती है? इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी (41) बताया है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। इधर, घटना के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री रेखा गुप्ता का हालचाल जानने सीएम हाउस पहुंचे।
एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान:सूर्यकुमार कप्तान, गिल उपकप्तान; जायसवाल-सुंदर रिजर्व प्लेयर
मुंबई।’ 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप टी-20 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे टीम की घोषणा की। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ही करेंगे, जबकि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को दौरे के लिए उपकप्तान बनाया गया है। इस साल भारत क्रिकेट एशिया कप का मेजबान है। पाकिस्तान के भारत में खेलने से इनकार के बाद इसे UAE में आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE से होगा।
भारत को फर्टिलाइजर और रेयर-अर्थ मेटल देगा चीन:जुलाई में इनका निर्यात बैन किया था
नई दिल्ली।’ चीन भारत को खाद, रेयर अर्थ मटेरियल और टनल बोरिंग मशीन की सप्लाई करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक चीन के विदेश मंत्री मंत्री वांग यी ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को आश्वासन दिया कि इन जरूरतों को पूरा किया जाएगा। वांग यी 18 अगस्त को दो दिन के दौरे पर भारत पहुंचे। उन्होंने सोमवार को जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बातचीत की थी। इस दौरान दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को आगे बढ़ाने और सहयोग बनाए रखने पर सहमति जताई।
रिटायर्ड जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी विपक्ष के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट:सुप्रीम कोर्ट में जज रह चुके
नई दिल्ली।’ I.N.D.I.A ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा। 79 साल के रेड्डी गुवाहाटी हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस और गोवा के पहले लोकायुक्त रह चुके हैं। वे आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। 2007 में सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया था। खास बात है कि दोनों उम्मीदवार दक्षिण से हैं। रिटायर जस्टिस रेड्डी आंध्रप्रदेश से, जबकि सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं। दोनों 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है। 25 अगस्त तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। उपराष्ट्रपति का चुनाव जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई की रात अचानक इस्तीफा देने की वजह से हो रहा है। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
पाकिस्तान हॉकी एशिया कप से हटा:ओमान ने भी नाम वापस लिया, बांग्लादेश और कजाकिस्तान को मौका
पाकिस्तान 29 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट से अधिकृत रूप से हट गया है। इतना ही नहीं, ओमान ने भी अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे में बांग्लादेश और कजाकिस्तान को मौका दिया गया था। हॉकी इंडिया ने बताया- ‘मंगलवार सुबह पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने भारत आने से अधिकृत तौर पर इनकार कर दिया है। ओमान की टीम भी हट गई है। ऐसे में बांग्लादेश और कजाकिस्तान को ड्रॉ में शामिल कर दिया।’ इससे पहले मीडिया रिपोर्ट में पाकिस्तान के इस टूर्नामेंट से हटने की बातें कही जा रही थीं। एक महीने पहले पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। हालांकि, भारत सरकार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा दिया था।
NDA संसदीय दल की बैठक, उपराष्ट्रपति कैंडिडेट को सम्मानित किया:मोदी बोले- राधाकृष्णन सरल और सहज व्यक्ति
नई दिल्ली।’ दिल्ली में मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक हुई। इसमें PM मोदी भी शामिल हुए। मोदी ने बैठक में महाराष्ट्र के राज्यपाल और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और सम्मानित किया। बैठक को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि राधाकृष्णन सरल और सहज व्यक्ति हैं। वे राजनीति में खेल नहीं करेंगे। इस दौरान राधाकृष्णन को NDA के सभी सहयोगी दलों के सांसदों से भी मिलवाया गया। बैठक के बाद संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि PM ने विपक्ष समेत सभी दलों से सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद पर सर्वसम्मति से चुनने की अपील की है। 17 अगस्त को भाजपा संसदीय बोर्ड बैठक के बाद NDA की तरफ से राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया गया था। राधाकृष्णन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान 20 प्रस्तावकों और 20 समर्थकों समेत लगभग 160 सदस्यों के मौजूद रहने की उम्मीद है। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होने हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। धनखड़ के इस्तीफे के बाद, चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की घोषणा की थी।
राज्यसभा में वोटर वेरिफिकेशन पर हंगामा, 2 बजे तक स्थगित:किसानों के लिए यूरिया रिलीज की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
नई दिल्ली।’ लोकसभा और राज्यसभा में वोटर वेरिफिकेशन और वोट चोरी के आरोप पर मंगलवार को भी जमकर हंगामा हुआ। राज्यसभा की कार्यवाही बमुश्किल 5 मिनट ही चली। इसके बाद कार्यवाही को उपसभापति ने दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया। उधर, लोकसभा में ऐसे हालात रहे। यहां भी कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा और नारेबाजी की। सदन में नारेबाजी के बीच स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कुछ सवालों के जवाब भी दिए, लेकिन हंगामा रुका नहीं। आखिर में कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन के बाहर तेलंगाना कांग्रेस के नेताओं ने राज्य में यूरिया की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसमें प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।
रूस-यूक्रेन में फिलहाल सीजफायर नहीं: ट्रम्प ने मीटिंग रोक पुतिन को फोन किया
वॉशिंगटन डीसी।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूरोपीय लीडर्स के साथ मीटिंग की। इसमें रूस-यूक्रेन के बीच सीजफायर पर सहमति नहीं बनी। ट्रम्प ने कहा कि फिलहाल इतनी जल्दी सीजफायर संभव नहीं है। हालांकि, मीटिंग में यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर चर्चा हुई। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय देश मिलकर इस पर काम करेंगे। वहीं, रूसी राष्ट्रपति ऑफिस (क्रेमलिन) ने बताया कि ट्रम्प ने मीटिंग रोककर पुतिन से फोन पर 40 मिनट बात की। इस दौरान पुतिन ने रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के बीच सीधे बातचीत का समर्थन किया। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज ने बताया कि ट्रम्प के साथ फोन पर बातचीत के दौरान पुतिन 15 दिन के भीतर जेलेंस्की से मुलाकात को राजी हो गए। मीटिंग के बाद जेलेंस्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि यूक्रेन सुरक्षा गारंटी के बदले यूरोप के पैसों से 90 अरब डॉलर (करीब 8 लाख करोड़ रुपए) के अमेरिकी हथियार खरीदेगा।
ट्रम्प बोले- यूक्रेन नाटो में शामिल नहीं होगा:क्रीमिया भी वापस नहीं मिलेगा
वॉशिंगटन डीसी।’ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि यूक्रेन को सैन्य गठबंधन नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा और न ही उसे 2014 से रूस के कब्जे वाला क्रीमिया वापस मिलेगा। ट्रम्प ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट किया कि जेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ चल रहा युद्ध तुरंत खत्म हो सकता है। सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि जेलेंस्की लड़ाई जारी रखना चाहते हैं या शांति का रास्ता अपनाते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 12 साल पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौर में बिना गोली चले क्रीमिया रूस को सौंप दिया गया था और यूक्रेन भी नाटो में शामिल नहीं हुआ। उन्होंने आगे कहा कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट:16 साल की उम्र में RSS से जुड़े; 2 बार सांसद
नई दिल्ली।’ महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन NDA के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट होंगे। रविवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में उनका नाम तय हुआ। मीटिंग के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया। राधाकृष्णन 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है। 25 अगस्त तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। उपराष्ट्रपति का चुनाव जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई की रात अचानक इस्तीफा देने की वजह से हो रहा है। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
















