
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) के एक अधिकारी की लाश कार के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शोभाराम देवहारी (43) के रूप में हुई है, जो एसडीओ पद पर पदस्थ थे और मूलतः बालोद जिले के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। शनिवार, 14 फरवरी की सुबह उनका शव इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के पास खड़ी कार में मिला। यह स्थान उनके निवास कुशवाहा भवन, माड़िया चौक से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जब काफी देर से खड़ी कार पर पड़ी तो उन्होंने अंदर झांककर देखा। ड्राइविंग सीट पर शोभाराम देवहारी बेसुध अवस्था में पाए गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बोधघाट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के दौरान कार की तलाशी लेने पर अंदर से शराब की बोतल और चखना बरामद हुआ है। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।






