
ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के जिला कोरबा, ब्लाक पाली के ग्राम पंचायत केराकछार (चैतमा) की गौरवशाली बेटी संजूदेवी यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर एक नया इतिहास रच दिया है। उनके इस अद्भुत उपलब्धि पर ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
एक छोटे से गाँव से निकलकर कबड्डी खेल के माध्यम से संजूदेवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अदम्य आत्मविश्वास के दम पर आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकते हुए भारत को शीर्ष स्थान दिलाया है।
संजूदेवी यादव : ग्रामीण परिवेश की बेटी से अंतरराष्ट्रीय स्टार तक का सफर
ग्राम केराकछार, जो ब्लाक पाली से लगभग 6 किमी दूर तिवरता रोड पर स्थित है, वहीं से संजूदेवी यादव की शुरुआत हुई।
पिता रामजी यादव, जो पुट्टी-पेंट का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, और माता अम्बरिका बाई यादव, जो एक गृहिणी हैं—दोनों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी बेटी के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया।
संजूदेवी ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव में पूरी की और उच्च शिक्षा कटघोरा के गवर्नमेंट कॉलेज से प्राप्त की। साथ ही उन्होंने आईटीआई की पढ़ाई भी की।
कबड्डी का सफर—गाँव से एशिया तक
संजूदेवी ने साल 2016 में कबड्डी खेलना शुरू किया। उनके खेल में निरंतर सुधार और लगन को देखते हुए बहतराई खेल अकादमी, बिलासपुर में उन्हें प्रशिक्षण का अवसर मिला।
यहीं से उनकी प्रतिभा निखरी और वे प्रदेश स्तर से सीधे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुईं।
एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
तेहरान, ईरान में आयोजित एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में संजूदेवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज वे कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी बनकर पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
उनकी सफलता के पीछे उनके कोच, बहतराई खेल अकादमी तथा जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों का भी विशेष योगदान रहा है।
—
गाँव का गौरव—प्रदेश का मान—देश की पहचान
संजूदेवी यादव की इस उपलब्धि ने न केवल ग्राम केराकछार, ब्लाक पाली और जिला कोरबा का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व से भर दिया है।
ग्रामवासियों ने कहा कि संजूदेवी ने साबित कर दिया कि प्रतिभा अवसर पाकर किसी भी छोटे गाँव से निकलकर दुनिया में अपनी पहचान बना सकती है।
ग्रामवासियों की ओर से संजूदेवी यादव को ढेरों बधाइयाँ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।






