बीजापुर – नेशनल पार्क क्षेत्र में हुए नक्सली आईईडी विस्फोट में डीआरजी जवान दिनेश नाग की शहादत ने बस्तर को एक बार फिर गमगीन कर दिया। घटना में तीन अन्य जवान भी घायल हुए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि राज्य कभी भी अपने इस वीर सपूत के बलिदान को भुला नहीं पाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जवान दिनेश नाग ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। साथ ही घायल जवान जल्द स्वस्थ हो।
उन्होंने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की सफलता से नक्सली बुरी तरह हताश हैं। यही कारण है कि वे आईईडी जैसे कायराना हमलों का सहारा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सुरक्षा बलों का हौसला इन घटनाओं से कमजोर नहीं होगा। डीआरजी जवान दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद का सफाया हमारा संकल्प है और इस दिशा में हर हाल में सफलता प्राप्त करेंगे।
साय ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार शांति और विकास की राह पर बस्तर को आगे बढ़ाने के लिए कटिबद्ध है।






