
✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री निवास में 13 नवंबर, गुरुवार को जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक चलेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस दौरान जनता से सीधे संवाद करेंगे और उनकी शिकायतों, सुझावों एवं मांगों को सुनकर मौके पर ही समाधान के निर्देश देंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके।
राज्य सरकार के इस जनदर्शन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह पहल मुख्यमंत्री साय की जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता और पारदर्शी सुशासन के संकल्प को दर्शाती है। सरकार का मानना है कि जनता की भागीदारी और विश्वास से ही विकास के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
👉 जनदर्शन कार्यक्रम मुख्यमंत्री साय की ‘जनता के दरबार से सीधे संवाद’ की पहल का अहम हिस्सा है, जिसका मकसद है — हर नागरिक तक शासन की पहुँच और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना।






