
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 20 मार्च 2026।
जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाय एवं पीडब्ल्यूडी-सेतु के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सड़कों, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य बारिश से पहले निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर समानांतर कार्य (पैरेलल वर्क) संचालित किए जाएं, मशीनरी और मैनपावर बढ़ाई जाए तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ऐसे ठेकेदारों को नोटिस जारी करने और कार्य में रुचि नहीं लेने वालों को ब्लैकलिस्ट करने की सख्त चेतावनी दी।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहाड़ी कोरवा और बिरहोर जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दूरस्थ पीवीटीजी बस्तियों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लेमरू-देवपहरी, मदनपुर-मांझीपारा, कोडार-मांझीपारा और मेनरोड-जुनापारा मार्गों सहित अन्य सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही ग्राम गौरव पथ और डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन चिर्रा-श्यांग मार्ग पर नियमित पानी छिड़काव करने और कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। भूमि विवाद वाले प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने “निर्माण कोरबा” पोर्टल के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने की पहल करते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी और फोटोग्राफ माह के अंत तक पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री तरुण कुमार किरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
