पाली में निर्माण कार्यों पर कलेक्टर की सख्ती, गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 10 अप्रैल 2026।

पाली विकासखंड में चल रहे निर्माण कार्यों पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी निर्माणाधीन भवनों में तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारने, मैनपावर बढ़ाने और तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश भी दिए।

ग्राम पंचायत लाफा में डीएमएफ से बन रहे चिकित्सक आवास के निरीक्षण के दौरान दरवाजे, प्लंबिंग और सेनेटरी फिटिंग्स टीएस के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अमानक दरवाजों को हटाकर नए सिरे से लगाने के निर्देश दिए। भवन में सीपेज और खराब पुताई मिलने पर भी उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने को कहा। साथ ही सीसी रोड और बोरवेल निर्माण के निर्देश भी दिए।

जेमरा में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में कमी मिलने पर ढलाई कार्य तोड़कर दोबारा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं धौराभांठा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा गया। बच्चों के अनुरूप खिड़कियां लगाने और जर्जर भवन हटाने के निर्देश भी दिए गए।

पाली कॉलेज में निर्माणाधीन कॉन्फ्रेंस हॉल की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

इसके अलावा माखनपुर से जूनापारा तक पीएम जनमन सड़क और चैतुरगढ़ मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर कलेक्टर ने अधूरे कार्य जल्द पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।