
✍️ भागीरथी यादव
राष्ट्रीय और प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर शनिवार को टीपी नगर चौक में महिला कांग्रेस व कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri के विरोध में पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन कथित “एपस्टीन फाइल” में सामने आए आरोपों को लेकर आयोजित किया गया।
जिला महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि यदि किसी केंद्रीय मंत्री का नाम ऐसे गंभीर प्रकरण से जुड़ता है तो उन्हें नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए। ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभा तंवर ने प्रधानमंत्री से इस विषय पर स्पष्ट बयान देने और जवाबदेही तय करने की मांग की।
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से 2017 के बीच केंद्रीय मंत्री और अमेरिकी अपराधी Jeffrey Epstein के बीच 62 बार ईमेल संवाद हुआ, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रदर्शन को पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, मुकेश राठौर, मनमोहन राठौर सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया।





