
“GST सुधार यात्रा ढोंग, असलियत में मोदी सरकार की नाकामी”
मनेंद्रगढ़। केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई “GST सुधार यात्रा” और “उत्सव” पर कांग्रेस ने तीखा प्रहार किया है। जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि यह सुधार यात्रा दरअसल सरकार की नाकामियों को छुपाने का प्रयास है।
मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2017 में ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चेतावनी दी थी कि जल्दबाज़ी और बिना तैयारी के लागू किया गया GST छोटे व्यापारियों और गरीब तबकों के लिए भारी संकट बनेगा। भाजपा ने उस वक्त उनकी बात का मज़ाक उड़ाया, लेकिन आठ वर्षों में हकीकत सबके सामने आ गई—MSME क्षेत्र को गहरी चोट पहुँची और लाखों छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अब जब सरकार अधिकतम GST दर 18% करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने की घोषणा कर रही है, तो यह स्वीकारोक्ति है कि राहुल गांधी की बात सही थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यही करना था तो व्यापारियों और जनता को इतने वर्षों तक क्यों परेशान किया गया और गब्बर सिंह टैक्स के नाम पर लूट क्यों की गई?
सौरव मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सुधार को उत्सव का रूप देकर जनता को गुमराह कर रही है। “आठ साल करों का डंडा चलाने के बाद आज मजबूरी में सुधार करने पर सरकार जश्न मना रही है, यह विडंबना है,” उन्होंने कहा।
मिश्रा ने कहा कि भाजपा को सुधार का उत्सव मनाने से पहले देश के लोगों से माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस हमेशा व्यापारियों और आम जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।






