
बिलासपुर – हिंरी माइंस क्षेत्र में हेलमेट चेकिंग अभियान के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देश पर चल रहे अभियान में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक श्रीकांत मिश्रा को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने कुचलने की कोशिश की।

मिली जानकारी के अनुसार बिना हेलमेट तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए। आरक्षक द्वारा रुकने का इशारा करने पर उन्होंने रफ्तार और बढ़ा दी और जानबूझकर बाइक आरक्षक के ऊपर चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल आरक्षक को पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल प्रभा हॉस्पिटल, सरकंडा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनके बाएं पैर की हड्डी टूटने और चेहरे पर गंभीर चोट की पुष्टि की है।
घटना के बाद कई घंटे बीत जाने के बावजूद किसी वरिष्ठ अधिकारी का अस्पताल न पहुंचना और न ही कोई त्वरित सहायता मिलना, पुलिस महकमे की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है। इस लापरवाही से परिजनों और साथी पुलिसकर्मियों में भारी नाराजगी है।
कानून व्यवस्था की रक्षा में जान जोखिम में डालने वाले आरक्षक की हालत ने अब प्रशासनिक जिम्मेदारी और जवाबदेही पर गंभीर बहस छेड़ दी है।








