
✍️ भागीरथी यादव
बांकीमोंगरा (कोरबा)। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13, कटाईनार में बुनियादी सुविधाओं को लेकर क्षेत्रीय पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा को पत्र लिखकर वार्ड के मुख्य चौक के पास सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन सह मंच के निर्माण की मांग की है।
सालों से अधूरा इंतजार
पार्षद मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कटाईनार क्षेत्र के निवासी पिछले कई वर्षों से सामुदायिक भवन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पूर्व में कई बार भूमिपूजन और योजनाएं बनाई गईं, लेकिन अब तक कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा स्थानीय लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।
चुनावी वादों की याद दिलाई
पार्षद ने नगर पालिका चुनाव के दौरान किए गए वादों का हवाला देते हुए कहा कि पार्षद और अध्यक्ष दोनों ने जनता से इस निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया था। सार्वजनिक मंचों पर भी अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास झा द्वारा जल्द निर्माण की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई।
आम जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
पत्र में क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए बताया गया कि कटाईनार में अधिकांश मध्यमवर्गीय एवं नौकरीपेशा परिवार रहते हैं। सार्वजनिक भवन के अभाव में लोगों को शादी-ब्याह एवं अन्य आयोजनों के लिए निजी स्थान किराए पर लेने पड़ते हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और कर्ज का दबाव बढ़ रहा है।
उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि
मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद ने अपने पत्र की प्रतिलिपि कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी है, जिनमें शामिल हैं—
उप मुख्यमंत्री अरुण साव
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन
विधायक (कटघोरा) प्रेमचंद पटेल
कलेक्टर, जिला कोरबा
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, बांकीमोंगरा
शीघ्र कार्रवाई की मांग
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनता की जरूरतों और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
