
दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम की सनक ने भयावह रूप ले लिया। महाशिवरात्रि के दिन मायके आई युवती पर एक युवक ने कटर से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक होने के कारण ICU में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ रायपुर में रह रही थी। त्योहार पर वह शिवपारा स्टेशन मरोदा स्थित मायके आई थी। बैकुंठधाम मंदिर से लौटते समय इंदिरा चौक के पास गली में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी योगेंद्र कुमार यादव ने उसे रोका और बातचीत का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में युवती की गर्दन, कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले छह वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था और पहले भी धमकियां दे चुका था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ने एक बार फिर एकतरफा प्रेम की आड़ में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






