
✍️ भागीरथी यादव
युवाओं संग जमीन पर बैठकर की आत्मीय चर्चा, दस्तावेज़ निर्माण से लेकर रोज़गार तक दिए त्वरित निर्देश
सुकमा।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज सायं सुकमा स्थित पुनर्वास केंद्र का अचानक निरीक्षण कर हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं से सीधा संवाद किया। खास बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री शर्मा ने औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए स्वयं युवाओं के बीच ज़मीन पर बैठकर चौपाल लगाई और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं को आत्मीयता से सुना। उनकी सरलता और सहज व्यवहार ने पुनर्वासित युवाओं को अत्यंत प्रसन्न किया और सभी ने बिना झिझक अपनी बातें उनके समक्ष रखीं।

प्रशिक्षण व सुविधाओं की ली विस्तृत जानकारी
श्री शर्मा ने युवाओं से चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम—राजमिस्त्री, कृषि उद्यमिता और सिलाई—की प्रगति के बारे में पूछताछ की। साथ ही केंद्र में उपलब्ध भोजन, रहन-सहन, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर पुनर्वासित युवाओं से सीधी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी युवा को किसी प्रकार की कमी न हो तथा हर सुविधा समय पर और गुणवत्तापूर्ण मिले।

परिजनों से मुलाकात और विवाह की इच्छा पर भी विशेष व्यवस्था
उपमुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपने परिजनों से कभी भी मुलाकात कर सकते हैं। यदि परिवारजन जेल में निरुद्ध हैं तो युवाओं की इच्छा पर मुलाकात की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी युवक-युवती में विवाह की इच्छा है तो सरकार सामूहिक विवाह की व्यवस्था भी कराएगी।
दस्तावेज़ों की समस्या का तत्काल समाधान
युवाओं द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे मूलभूत दस्तावेज़ पूरे न होने की जानकारी देने पर श्री शर्मा ने तुरंत जिला प्रशासन को दस्तावेज़ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर दस्तावेज़ निर्माण की कार्रवाई का निरीक्षण करते रहे और जहाँ भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाएँ आईं, उनका तत्काल निराकरण कराया।
रायपुर विधानसभा भ्रमण और स्वास्थ्य शिविर के निर्देश
श्री शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली को समझाने के उद्देश्य से आगामी विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही पुनर्वास केंद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
दीर्घकालिक रोजगार की दिशा में ठोस कदम
पुनर्वास नीति के तहत युवाओं को दीर्घकालिक रोजगार से जोड़ने के लिए भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं। पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को कौशल विकास के साथ स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर सहयोग दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, एसपी श्री किरण चव्हाण, अपर कलेक्टर गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।






