
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जिले में जब्त किए गए मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में संपन्न की गई। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय, अटल नगर नया रायपुर के पत्र क्रमांक एफ 9-53/2024/1/5 दिनांक 21 नवंबर 2024 के निर्देशानुसार जिलों में जब्त मादक पदार्थों के निपटान के लिए यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को सूची के अनुसार नष्ट किया गया। बिलासपुर जिले के कुल 67 प्रकरणों में जब्त 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 नग टैबलेट/कैप्सूल, 8,818 नग इंजेक्शन एम्प्यूल तथा 6,468 नग सिरप को विधिवत नष्टीकरण किया गया।
यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवीन तिवारी तथा क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी बिलासपुर सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
दिनांक 11 मार्च 2026 को यह समस्त मादक पदार्थ सुशा वेस्ट पावर प्रा. लि., मोहतरा, जिला बिलासपुर के भट्टी (फर्नेस) में जलाकर तथा रोलर के माध्यम से नष्ट किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और जब्त सामग्री का नियमानुसार नष्टीकरण कर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।







