
✍️ भागीरथी यादव
मनेन्द्रगढ़। शहर की सिटी कोतवाली के सामने बुधवार शाम पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में पानी फैल गया और क्षेत्र में जलभराव हो गया। करीब दो घंटे तक लगातार बहते पानी से हजारों लीटर कीमती पेयजल व्यर्थ हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना की जानकारी तुरंत नगरपालिका तक पहुंचा दी गई थी, साथ ही युवाओं ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर स्थिति की गंभीरता बताई। इसके बावजूद देर रात तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नागरिकों का आक्रोश बढ़ता गया।
लगातार विरोध के बाद गुरुवार सुबह जेसीबी से खुदाई कर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। पाइपलाइन की क्षति का आकलन और पानी आपूर्ति बहाल होने में कितना समय लगेगा, यह मरम्मत पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
नागरिकों ने नगरपालिका से मांग की है कि जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई कर भविष्य में होने वाली पानी की बर्बादी को रोका जाए।






