बारात के दौरान बवाल: डीजे पर नाचने को लेकर विवाद

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव

 

 

तखतपुर। क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोढ़े से ग्राम कुंआ गई एक बारात में बुधवार रात उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब डीजे में नाचने को लेकर बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच झगड़ा हो गया। शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, डीजे में नाचने के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और गांव के युवकों के बीच बहस छिड़ गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बारातियों ने पहले कुछ स्थानीय युवकों के साथ मारपीट कर दी, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई। घटना की खबर मिलते ही गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर बारातियों को घेर लिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने बारातियों के साथ मारपीट की और कई लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।इस हिंसक झड़प में विनय पटेल और पंकज पटेल को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट व तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।