
कोरबा।
दर्री क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय ध्वजारोहण से हुई, जिसे वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद सुनील पटेल ने संपन्न किया।
कार्यक्रम में टी.एस. बाबा फैन क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार कौशिक की विशेष उपस्थिति रही। उनकी सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्षद पटेल ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा से ही संभव है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ किया गया।
