
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी। वनमंडल के मनेंद्रगढ़ परिक्षेत्र अंतर्गत बिहारपुर, सरभोका और नवाडीह प्लांटेशन क्षेत्र में जंगल की अवैध कटाई और शासकीय भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। 12 फरवरी 2026 को 117 वर्षीय बुजुर्ग संपत यादव शिकायत पत्र लेकर डीएफओ कार्यालय पहुंचे और गंभीर आरोप लगाए।
शिकायत पत्र के अनुसार चिरईपानी, नवाडीह एवं सरभोका प्लांटेशन क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा जंगल साफ कर कृषि कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि कुजल सिंह एवं शेर सिंह (पिता स्व. हरिलाल) ने पेड़-पौधों की अवैध कटाई कर शक्तिनदी को बांधकर मठानी कर खेत एवं मेड़ तैयार किए हैं।
इसी तरह दिनेश केवट एवं विकास केवट (पिता स्व. नारायण केवट) पर भी जंगल उजाड़कर खेती योग्य भूमि तैयार करने का आरोप लगाया गया है। वहीं विमल यादव (पिता स्व. बाबूलाल यादव) द्वारा सरभोका प्लांटेशन क्षेत्र को तार से घेरकर कब्जा करने की शिकायत की गई है।
उल्लेखनीय है कि संबंधित प्लांटेशन क्षेत्र में शासन द्वारा आंवला एवं रत्नजोत के पौधे लगाए गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में नागपुर डिपो में पूर्व में सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बुजुर्ग संपत यादव ने वन विभाग से मांग की है कि आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया जाए तथा पुनः प्लांटेशन कराया जाए, ताकि शासकीय भूमि एवं वन संपदा सुरक्षित रह सके।
इनका कहना है
नवपदस्थ डीएफओ चंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि एक बुजुर्ग शिकायतकर्ता उनसे मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए संबंधित एसडीओ को निर्देशित किया गया है। एसडीओ द्वारा स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






