
✍️ भागीरथी यादव
रतनपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तलवार से हुए हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार, पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्रों के साथ गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे थाना रतनपुर पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आहत लोग वाहन में भरकर थाने पहुंचे और सुरेश श्रीवास व उसके बेटों पर घर में घुसकर मारपीट और हमला करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पीड़ित शेख शब्बीर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास का अपनी पूर्व पत्नी से करीब 3-4 माह पहले तलाक हो चुका है। आरोपी को संदेह था कि उसकी पूर्व पत्नी का संबंध शेख सलीम से है। इसी बात को लेकर वह पहले भी विवाद और धमकी देता रहा था।
गुरुवार को भी इसी विवाद को लेकर आरोपी अपने पुत्रों के साथ शेख सलीम के घर पहुंचा और विवाद के दौरान तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार की 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के एक दिन पहले पीड़ित परिवार की महिलाएं आरोपी को समझाने उसके घर गई थीं, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद महिलाएं थाना पहुंचकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की थीं। पुलिस ने अगले दिन आने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
