
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
आदर्श ग्राम पंचायत छिन्दपुर में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का समाधान हो गया है। क्षेत्र में बार-बार वोल्टेज अप-डाउन और ओवरलोड की शिकायतों से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिल गई है। जिला कार्यसमिति सदस्य, भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं विधायक प्रतिनिधि (S.M.V.) कृष्णानंद राठौर के प्रयासों से विद्युत व्यवस्था में सुधार संभव हो सका।
जानकारी के अनुसार, उपस्वास्थ्य केंद्र से प्राइमरी स्कूल तक केवल एक फेस सिंगल केबल होने के कारण क्षेत्र में लोड अधिक हो रहा था। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होती थी और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या बनी रहती थी। परिणामस्वरूप ग्रामीणों के विद्युत उपकरण बार-बार खराब हो रहे थे और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कृष्णानंद राठौर ने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर त्वरित कार्यवाही की मांग की। उनके आवेदन पर संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) कोरबा द्वारा आवश्यक तकनीकी कार्य पूर्ण करते हुए नया केबल स्थापित किया गया।
नया केबल लगने के बाद अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए राठौर की सक्रिय कार्यशैली और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह जनसमस्याओं का त्वरित समाधान होता रहेगा।






