
कोरबा – 11 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा के ग्रंथालय में भव्य पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में वेद-उपनिषद, पुराण, प्रेरक कथाओं के साथ-साथ समाज, राजनीति, विज्ञान और भूगोल विषयक लगभग 7 हजार पुस्तकों का समावेश किया गया।
सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और आम जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्कृत, अंग्रेज़ी, उर्दू सहित कई भाषाओं की पुस्तकों से सजा यह मेला दोपहर 3 बजे तक चला।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि छात्रों में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाने और पुस्तकों को जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया गया। आयोजन में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक मनीष कुमार पटेल, रामकुमार श्रीवास और ग्रंथालय सहायक सुरेश कुमार महतो का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे और संग्रहित पुस्तकों का अवलोकन किया।
📚 एमलिब 2022-23 की टॉपर अल्का बांधेकर सम्मानित
पुस्तक मेले में महाविद्यालय की पूर्व छात्रा अल्का बांधेकर को भी सम्मानित किया गया। अल्का ने वर्ष 2022-23 में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की मेरिट सूची में दूसरा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और कोरबा का नाम रोशन किया। प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया।








