
✍️ भागीरथी यादव
सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जशपुर, 19 फरवरी 2026।
जशपुर जिले में कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 35 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर बेरोजगार युवकों और उनके परिजनों से रकम वसूल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के सोडापाठ चौक निवासी प्रदीप पंडा (28) ने उसकी मां से संपर्क कर खुद को कलेक्ट्रेट का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है और वह नौकरी लगवा सकता है।
जमीन गिरवी रखकर दिए पैसे
झांसे में आकर जनवरी 2026 में रोहित की मां ने आरोपी को पहले 50 हजार रुपए दिए। इसके बाद आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपए और मांगे। भरोसा दिलाया गया कि अगले दिन नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए और दे दिए।
दूसरे युवक से भी वसूले 2.35 लाख
आरोपी ने एक और पद खाली होने का दावा करते हुए दूसरे युवक को भी नौकरी दिलाने का लालच दिया। रोहित की मां ने ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क कराया। उमेश की मां ने भी अपने बेटे की नौकरी के लिए आरोपी को 2 लाख 35 हजार रुपए सौंप दिए।
लंबे समय तक नियुक्ति पत्र न मिलने और आरोपी द्वारा टालमटोल किए जाने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
होटल से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने जशपुर के एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम से उसने अपनी उधारी चुकाई, टेबल-कुर्सी और कंप्यूटर खरीदे तथा शेष राशि खर्च कर दी। पुलिस ने भट्टी रोड स्थित उसके कथित ऑफिस से फर्नीचर और कंप्यूटर जब्त किए हैं।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।






