
जांजगीर-चांपा।
बलौदा बस स्टैंड के पास स्थित राजू इलेक्ट्रॉनिक दुकान में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दुकान मालिक के 20 वर्षीय बेटे राम देवांगन की जलकर मौत हो गई, जबकि आगजनी से दुकान में रखा करीब 60 से 70 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति भांपते ही दुकान में मौजूद कर्मचारी और मालिक बाहर निकल आए, लेकिन इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दो मंजिला दुकान से आग तीसरी मंजिल तक फैल गई।

आग लगते ही परिवार के लोग छत पर लगी सीढ़ी के सहारे नीचे उतर गए, लेकिन बड़ा बेटा राम देवांगन आग की लपटों के बीच फंस गया। जान बचाने के प्रयास में वह तीसरी मंजिल पर पहुंचा, जहां आग और धुएं से घिरने पर उसने अंदर का शटर बंद कर लिया। दुर्भाग्यवश, वही उसकी आखिरी जगह साबित हुई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस संबंध में योगिता खापर्डे ने बताया कि आगजनी की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बलौदा अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर आग से सुरक्षा और इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों में सतर्कता की गंभीर जरूरत को उजागर करता है।






