पाली के शासकीय नवीन महाविद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन

सुशील जायसवाल

 

 

पाली (जिला कोरबा)। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, कॉलेजों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) का गठन किया जा रहा है।

इसी क्रम में 11 फरवरी 2026 को शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली, जिला कोरबा में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) का गठन किया गया।

इस अवसर पर मतदाता साक्षरता क्लब (ई.एल.सी.) एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के महत्व पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में क्लब के सदस्य छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सतीश प्रकाश सिंह ने ई.एल.सी. के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराएं।

कार्यक्रम में समाजशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. हर्ष पांडेय सहित मतदाता साक्षरता क्लब के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर तथा हाथों में मेहंदी सजाकर मतदाता जागरूकता और एस.आई.आर. के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालयीन स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती रीता पटेल ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक टी.आर. कश्यप, डॉ. शेख तस्लीम अहमद, डॉ. कविता ठक्कर, संत राम खांडेकर, वर्षा लकड़ा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।