
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। पूज्य सिंधी समाज कोरबा द्वारा भगवान झूलेलाल जयंती एवं चेट्रीचंड्र महोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उल्लास से सराबोर यह शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर, रानी रोड से प्रारंभ होकर गोदड़ी धाम, डीडीएम रोड तक पहुंची, जिसमें पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शोभायात्रा के दौरान शहर में भक्ति का माहौल बना रहा। भक्ति गीतों, सजीव झांकियों और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाजजनों ने आयोजन को और भव्य बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाए।
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में शोभायात्रा के पहुंचने पर पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने भगवान झूलेलाल की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं समाज की खुशहाली की कामना की और उपस्थित लोगों को झूलेलाल जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान झूलेलाल का जीवन हमें भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सिंधी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए हमेशा सेवा और सद्भाव का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूरे आयोजन के दौरान शहर में धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। यह शोभायात्रा न केवल श्रद्धा का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता का संदेश भी देती नजर आई।
