
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी मार्ग पर पैदल जा रही एक युवती पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने युवती की पीठ में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह अपने काम से पैदल जा रही थी। इसी दौरान पंचवटी मार्ग पर बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और बिना किसी बातचीत के अचानक उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने बेहद तेजी से वारदात को अंजाम दिया। युवती कुछ समझ पाती इससे पहले ही उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया गया। हमले के बाद आरोपी चाकू को पीड़िता की पीठ में धंसा छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिचित मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
