
नूनेरा// नवरात्रि के पावन अवसर पर आदर्श नवयुवक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति नूनेरा के तत्वाधान में मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कल हवन के उपरांत आज विधि-विधान से कन्या भोज सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम आचार्य पंडित सुनील तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की तथा कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन एवं भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
पूजन के समय आचार्य ने ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, परिवारों में शांति और पूरे गांव की खुशहाली की कामना मां दुर्गा से की। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त किया और सामूहिक रूप से मंगलकामना व्यक्त की।
इस अवसर पर समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई और उत्साह एवं श्रद्धा के साथ नवरात्रि पर्व का उल्लास साझा किया।






