
कोरबी चोटिया (सुशील जायसवाल):
ग्राम पंचायत रोदे (कोरबी) के समीप स्थित ऐतिहासिक आमापानी हनुमान मंदिर में गुरुवार को हनुमान जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। श्रद्धालुओं ने श्री हनुमान मंदिर, शनि देव मंदिर और जामवंत गुफा में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दिनभर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। स्थानीय कीर्तन मंडलियों ने भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों की गूंज से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
दोपहर में भव्य आरती के पश्चात विशाल भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समाजसेवी युवाओं द्वारा लड्डू, खिचड़ी सहित अन्य प्रसाद का वितरण किया गया। साथ ही बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की गई, जिसे लोगों ने सराहा।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के नवयुवकों ने ग्रामवासियों के सहयोग से दोपहर 3 बजे से देर शाम तक संगीतमय हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ का विशेष आयोजन किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए।
गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित हनुमान मंदिरों में भी पूजा-अर्चना एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस प्रकार पूरे रोदे-कोरबी क्षेत्र में हनुमान जयंती का पर्व धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
