
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/रतनपुर।
सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मां भगवती महामाया सिद्ध शक्ति पीठ की पावन धरा रतनपुर, जिला बिलासपुर में ऐतिहासिक महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन रविवार, 25 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से आयोजित होगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती धनमती यादव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती किरण यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सविता यादव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीमती गीता यादव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
महिला सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश महिला संगठन का गठन करना है। संगठन गठन के पश्चात शपथ ग्रहण समारोह भी विधिवत संपन्न किया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से यादव समाज की महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, आध्यात्मिक एवं राजनीतिक सर्वांगीण विकास को सशक्त करने का संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम आयोजकों ने यादव समाज की सभी माताओं एवं बहनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं। आयोजकों का कहना है कि नारी शक्ति को जागृत कर यादव समाज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस संबंध में जिला कोरबा संगठन महामंत्री श्रीमती शांति यादव ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि समाज की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता होगी।






