
✍️ भागीरथी यादव
रायगढ़। सोशल मीडिया पर हुई पहचान के बाद एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय पीड़िता ने शुक्रवार को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2021 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान रामभाठा निवासी 26 वर्षीय प्रतीक सिदार से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातें शुरू हो गईं।
आरोपी प्रतीक सिदार ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और लगातार संपर्क में रहा। आरोप है कि 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच वह युवती को होटल ले जाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शादी से किया इंकार
कुछ समय बाद जब युवती ने शादी की बात उठाई तो आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घर से दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का बयान और मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी करते हुए शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
