
सुशील जायसवाल
कोरबा (कोरबी–चोटिया)। वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोरबी एवं सिरमिना सहित आसपास के गांवों में होली का पर्व इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। होलिका दहन के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
होलिका दहन के अगले दिन ग्रामीणों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर होली की शुभकामनाएं दीं। गांवों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ त्योहार का आनंद लिया। ग्रामीणों का कहना है कि होली का पर्व प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए।
पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोरबी, सिरमिना, पाली, बागों, चोटिया, जलके एवं पसान क्षेत्र के लोगों ने भी होली का त्योहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस दौरान कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय कलाकारों ने होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर सामूहिक नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करते नजर आए।
त्योहार के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भी गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही क्षेत्र के विकास और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
वहीं कोरबी चौकी क्षेत्र के बागों और पसान इलाके में होली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इक्का-दुक्का छोटी घटनाओं को छोड़कर कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।






