
✍️ भागीरथी यादव
चेन्नई।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने विवाह जैसी पवित्र संस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए। सुहागरात, जो किसी भी नवविवाहित जोड़े के जीवन का सबसे सुखद पल माना जाता है, वहां एक दूल्हे ने अपनी ही दुल्हन पर जानलेवा हमला कर दिया। वजह—दुल्हन का उसकी “जिद” पूरी करने से इनकार करना।
मैट्रीमोनियल साइट पर बनी जोड़ी, सुहागरात पर टूटा कहर
पुरासैवक्कम की पार्थसारथी स्ट्रीट निवासी ऑगस्टीन जोशुआ ने 23 नवंबर 2025 को तिरुवल्लूर की 24 वर्षीय युवती से अरेंज मैरिज की थी। पूरे रीति-रिवाजों से दुल्हन का स्वागत हुआ, दोनों परिवार खुश थे। लेकिन रात होते-होते एक ऐसा सच सामने आया जिसने हर किसी को सन्न कर दिया।

दुल्हन ने कहा—पहले जान लें एक-दूसरे को, दूल्हा हुआ आगबबूला
ऐसी शादी में दुल्हन ने बस इतना चाहा कि शुरुआत बातचीत से हो, रिश्ता समझ से आगे बढ़े। लेकिन दूल्हा जबरन शारीरिक संबंध बनाने पर अड़ा रहा। दुल्हन के इनकार करते ही उसका रवैया अचानक हिंसक हो उठा। वह गुस्से में कमरे से बाहर निकला और कुछ देर बाद हाथ में हथौड़ा लेकर लौटा।
हथौड़े से ताबड़तोड़ वार, दुल्हन को मरा समझकर भागा दूल्हा
जोशुआ ने दुल्हन पर बेहिसाब वार किए, उसे खून से लथपथ कर दिया। उसे लगा कि वह मर चुकी है, जिसके बाद वह घर से फरार हो गया। सुबह जब परिजनों की नजर बेहोश पड़ी दुल्हन पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी जान बचाई जा सकी।
“बिना दहेज शादी” का झांसा, निकला चरित्र का अंधेरा चेहरा
होश में आने पर दुल्हन ने बताया कि जोशुआ ने खुद को दहेज विरोधी बताकर शादी की थी, लेकिन शादी के बाद उसका असल चेहरा सामने आया। उसके कई महिलाओं से संबंध थे—जिनमें से एक शादीशुदा और दो बच्चों की मां भी थी। इस घटना के बाद दुल्हन ने साफ कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती।
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी, आरोपी फरार
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी जोशुआ की तलाश जारी है। इस वारदात ने समाज में सुरक्षा, विश्वास और महिलाओं की गरिमा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
—यह घटना चेतावनी है कि विवाह में ज़बरदस्ती नहीं, सम्मान ही आधार होना चाहिए।








