कोरबा में पोस्टमार्टम रूम में मारपीट का खौफनाक अंजाम, कर्मचारी की मौत के बाद सरपंच गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई एक मामूली विवाद से शुरू हुई घटना ने अब गंभीर आपराधिक रूप ले लिया है। पोस्टमार्टम कक्ष में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी और आरोपी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने कर्मचारी का कॉलर पकड़कर उसे दीवार में जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई

घटना के बाद घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। आखिरकार 6 अप्रैल को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में सिर में आई गंभीर चोट और उससे उत्पन्न जटिलताओं को मौत का कारण बताया गया है।

इस मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर में पहले ही विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। कर्मचारी की मौत के बाद पुलिस ने मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ दीं। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।