
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दर्री डैम के पास शनिवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें दोपहिया वाहन सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच एक हीरो पैशन प्रो बाइक को तेज रफ्तार चार पहिया पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार गोवर्धन यादव, जो इरीगेशन कॉलोनी का निवासी है, कोरबा से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दर्री डैम के पास पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन को रोकने के बजाय भागने की कोशिश करता रहा और काफी दूर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया, जिससे बाइक पिकअप के नीचे फंस गई।

हादसे में गोवर्धन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत मदद कर उसे इलाज के लिए एनटीपीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों द्वारा उसका सीटी स्कैन कराया गया है, जिसमें सिर में गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस हादसे में पूरी लापरवाही पिकअप वाहन चालक की बताई जा रही है, जो टक्कर मारने के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल घायल गोवर्धन यादव का इलाज जारी है।






