
कबीरधाम।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से दहेज प्रताड़ना की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव में दहेज की मांग ने एक विवाहिता की जान ले ली। मायके पक्ष का आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार आरोपी पति जोहन साहू ने वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, मृतका के मायके पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। पिता का कहना है कि दहेज को लेकर लोकेश्वरी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल के अन्य सदस्य भी इस घटना में शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक बार फिर दहेज की काली प्रथा ने एक बेटी की जिंदगी छीन ली, जिसने समाज और कानून दोनों को झकझोर कर रख दिया है।






