
कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डामौकुंडा में पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतिका हिरोंडिया मरावी (41 वर्ष) अपने पति कल्लू उर्फ कल्याण सिंह (42 वर्ष) के साथ गांव में रहती थी। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे कटघोरा स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में कार्यरत हैं। घर में पति-पत्नी ही निवास करते थे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने स्वयं अपने बेटे को फोन कर बताया कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे घर बुलाया। बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पति से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अपनी खराब मोटरसाइकिल बनवाने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर 7 फरवरी 2026 को उसने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना को सामान्य दिखाने के लिए शव को सोने की अवस्था में लिटा दिया और स्वयं शराब पीकर कमरे में पड़ा रहा, ताकि किसी को शक न हो।
बांगो पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।






