
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा: जिले की ग्राम पंचायत दौदरो में अवैध रेत उत्खनन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के पीछे स्थित नाले और अमलीमना नाला क्षेत्र से दिन-रात ट्रैक्टरों के जरिए रेत की चोरी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल पर शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निशाने पर प्राकृतिक संसाधन: ग्रामीणों के अनुसार, नाले और शासकीय रास्तों को खोदकर रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँच रहा है।
चिह्नित वाहन: अवैध परिवहन में मुख्य रूप से CG-12 पासिंग वाले ट्रैक्टरों का उपयोग किया जा रहा है।
पोर्टल पर शिकायत बेअसर: मामले की शिकायत पहले ही मुख्यमंत्री जनदर्शन में दर्ज कराई जा चुकी है। टोकन नंबर होने के बाद भी खनिज विभाग की निष्क्रियता ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
बढ़ते हौसले: आरोप है कि शिकायत होने के बाद रेत तस्करों की गतिविधियां और भी तेज हो गई हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने हाल ही में कलेक्टर जनदर्शन में लिखित आवेदन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध कारोबार पर नकेल कसता है या यह मामला फाइलों में ही दबा रह जाएगा।






