
ज्ञान शंकर तिवारी
दीपका–डूमरकछार मार्ग की जर्जर सड़क व पुलों की मरम्मत शुरू
कोरबा।
दीपका से डूमरकछार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और जर्जर पुलों को लेकर लंबे समय से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त था। अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जनआंदोलन और लगातार जनदबाव के बाद प्रशासन ने इस मार्ग पर सड़क एवं पुलों के मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है। मरम्मत कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
भीमसेनिया जंगल के पास तथा डूमरकछार से पहले सड़क का बड़ा हिस्सा बीच से पूरी तरह उखड़ चुका था। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उभरी हुई सतह और असंतुलित लेवल के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। वहीं रैनपुर और धौराभांटा के पास स्थित पुलों की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि भारी वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों की जान भी जोखिम में थी।
इन गंभीर समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित करती रही। इसी कड़ी में प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन के नेतृत्व में 19 जनवरी 2026 को एकदिवसीय महापंचायत, धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम का आयोजन किया गया। इस आंदोलन को जिला सरपंच संघ सहित विभिन्न सरपंच संघों का पूर्ण समर्थन मिला, जिससे यह आंदोलन व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सका।
प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन ने कहा कि दीपका–डूमरकछार मार्ग की बदहाल सड़क और जर्जर पुल जनता की जान के साथ सीधा खिलवाड़ थे। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आंदोलन किया। मरम्मत कार्य की शुरुआत इस बात का प्रमाण है कि संगठित, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष से ही जनसमस्याओं का समाधान संभव है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आने वाले समय में भी जल, जंगल, ज़मीन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बरती गई, तो पार्टी भविष्य में और भी व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में संतोष और उम्मीद का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हुआ, तो वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।





