
बलरामपुर। जिले के ग्राम झपरा-लातापानी में एक महिला की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पति और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 की शाम जंगल में एक पेड़ से महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत मारपीट से हुई है।
मृतिका की पहचान बंधनी (लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम झपरा, के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि उसका पति गुना राम (58 वर्ष) पत्नी के चरित्र पर शक करता था। बताया गया कि महिला बाजार गई थी और रात में घर नहीं लौटी। अगले दिन लौटने पर पति ने गुस्से में आकर उसे धक्का दिया और बांस के डंडे व हाथ-पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने अपने साथी लखन कुम्हरिया (50 वर्ष) के साथ मिलकर शव को जंगल में ले जाकर पेड़ पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 15 फरवरी 2026 को दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है मामले की आगे की जांच जारी है।





