
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी ही पत्नी की मारपीट कर हत्या कर दी। घटना नेहरू नगर स्थित MIG-33 मकान की है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका पुष्प लता यादव (37 वर्ष) अपने पति युवराज यादव (43 वर्ष) के साथ नेहरू नगर MIG-33 में रहती थी। युवराज यादव मूल रूप से मोहन भाटा, कोटा का निवासी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे मकान मालकिन किराए का घर खाली करने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पति नशे की हालत में पत्नी से गाली-गलौज करने लगा और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी को मारते हुए घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।






