
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 06 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान सरईसिंगार निवासी प्रकाश चंद्र साहू ने अपने 14 वर्षीय दिव्यांग पुत्र यश कुमार साहू के लिए पेंशन, इलाज और व्हीलचेयर की मांग रखी। कलेक्टर ने मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में समाज कल्याण विभाग ने मौके पर ही व्हीलचेयर प्रदान कर दी, साथ ही अन्य योजनाओं से भी लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बिजली बिल में त्रुटियों की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों की समस्या पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को शिविर लगाकर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार लोगों को राहत पहुंचाई जाए और शिविर की व्यापक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।
वहीं ग्राम खोड्डल की महिलाओं ने उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को जांच दल गठित कर तत्काल जांच करने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा मजदूरी भुगतान, आर्थिक सहायता, वनाधिकार पट्टा, सीमांकन और मानदेय भुगतान से जुड़े कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में त्वरित जांच कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत दिलाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टीआर भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
