
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 23 मार्च 2026। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आमजन की उम्मीदों का मजबूत मंच साबित हुआ। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने दूर-दराज़ से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनदर्शन में कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बिजली बिल सुधार, स्वास्थ्य उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, मुआवजा, नक्शा दुरुस्ती और सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुख रहे।
निगम आयुक्त श्री पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही तय करते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित हो रही है।
