loksadan
बहनों का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत – मंत्री देवांगन
कोरबा। रक्षाबंधन का पर्व इस बार कोरबा में विशेष उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया, जब वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री और लोकप्रिय जननेता श्री लखन लाल देवांगन ने हज़ारों बहनों के साथ यह पावन पर्व मनाया।
सुबह 11 बजे से ही पंचवटी के समीप स्थित शासकीय आवास बहनों के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता से सराबोर हो गया। मंत्री श्री देवांगन ने हर बहन का मुस्कुराकर स्वागत किया, तिलक ग्रहण किया और स्नेह से राखी बंधवाई।
भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कोरबा एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई ‘लाड़ली बहनों’ ने मंत्री जी को राखी बांधकर नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा—
“राखी का यह धागा सिर्फ एक रक्षासूत्र नहीं, बल्कि नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। बहनों का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और मैं उनके सम्मान एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित हूँ।”
मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री हर बहन को प्रणाम कर आशीर्वाद ले रहे थे, बच्चों को दुलार रहे थे और बुजुर्ग माताओं के चरण स्पर्श कर रहे थे। उनकी कलाई पर सैकड़ों रंग-बिरंगी राखियाँ बंध चुकी थीं, जिनमें हर धागा आशीर्वाद और विश्वास का प्रतीक था।
- पूरे आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही और प्रत्येक बहन को मिठाई एवं भेंट प्रदान की गई।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैशाली रत्नपारखी, कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, दर्री मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, बालको मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव, सर्वमंगला मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा सहित कई गणमान्य एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






