जय श्रीराम के नारों से गूंजा कोरबा, भगवा रंग में रंगी उर्जानगरी—भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा।

चैत्र नवरात्रि और हिन्दू नववर्ष के पावन संगम पर गुरुवार को कोरबा पूरी तरह भगवामय हो उठा। “हर घर से एक ही नारा—जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष के साथ शहर की फिजा भक्तिमय हो गई। सड़कों पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर दिशा में बस राम नाम की धुन और श्रद्धालुओं का जोश नजर आया।

हिन्दू क्रांति सेना और बजरंग दल द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को झंकृत कर दिया। डीजे की गूंजती धुन, लेजर लाइट की चमक और भगवान श्रीराम-माता सीता की जीवंत झांकियों ने माहौल को अलौकिक बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में झूमते रहे—मानो पूरा शहर राममय हो गया हो।

कोसाबाड़ी चौक से निकली यह दिव्य यात्रा घंटाघर, बुधवारी, टीपी नगर होते हुए सीतामणी स्थित श्री राम जानकी मंदिर पहुंची, जहां भक्ति और उल्लास के बीच इसका समापन हुआ। खास बात यह रही कि हिन्दू क्रांति सेना और बजरंग दल की शोभायात्राएं एक साथ आगे-पीछे चलती हुई एकजुटता और शक्ति का संदेश देती रहीं।

शहर की सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि कोरबा की धड़कनों में आस्था बसती है और परंपराओं के प्रति लोगों का उत्साह हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। यातायात पुलिस ने भी लगातार निगरानी रखते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।

कोरबा में इस बार का हिन्दू नववर्ष सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, एकता और सांस्कृतिक गर्व का विराट उत्सव बनकर उभरा।