कोरबी साप्ताहिक आम बाजार की नीलामी संपन्न, इस बार कम बोली से पंचायत की आय पर असर के संकेत

सुशील जायसवाल

 

 

कोरबी चोटिया। ग्राम पंचायत कोरबी के लिए आय का प्रमुख स्रोत माने जाने वाले साप्ताहिक आम बाजार की इस वर्ष नीलामी प्रक्रिया शनिवार, 21 मार्च को पंचायत भवन में संपन्न हुई। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित इस नीलामी में कई इच्छुक बोलीदाताओं ने भाग लिया, लेकिन अंततः राजेश (पिता बाबूलाल) ने 4 लाख 11 हजार रुपए की अंतिम बोली लगाकर बाजार का ठेका एक वर्ष के लिए प्राप्त किया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बोली राशि कम रही, जिससे पंचायत की आय पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय जानकारों के अनुसार, व्यापार में मंदी, बदलती आर्थिक परिस्थितियां और बढ़ती प्रतिस्पर्धा इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।

कोरबी का यह साप्ताहिक बाजार क्षेत्र का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां आसपास के गांवों से हर सप्ताह बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक पहुंचते हैं। यह बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ पंचायत के लिए स्थायी राजस्व का भी अहम स्रोत रहा है।

पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में बाजार की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ कर अधिक राजस्व अर्जित करने के प्रयास किए जाएंगे। नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता के साथ संपन्न कर ग्रामीणों को इसकी जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर सरपंच राजूराम मरावी, उपसरपंच मुरारी लाल जायसवाल, सचिव मोतीराम कोराम, जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश केराम, पंच राजेश जायसवाल, लक्ष्मी मरावी सहित समस्त पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। साथ ही बाजार ठेका लेने के इच्छुक शिव जायसवाल, अतुल जायसवाल, नारायण सिंह, सूरज जायसवाल, राजेश कोराम, नेम सिंह समेत अन्य लोगों की भी उपस्थिति रही।