
बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरदफोड़ में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद रहा और हाल ही में जमानत पर छूटा लखन देवांगन (57 वर्ष) आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने उसी केंद्र के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, लखन देवांगन दोपहर में आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उसने पहले वहां मौजूद बच्चों को बाहर भेजा और सहायिका को भी किसी बहाने से केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद कर उगेश्वरी देवांगन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद लखन ने आंगनबाड़ी केंद्र के अंदर ही फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।






