
महासमुंद। जगदलपुर में 21 से 24 सितंबर तक आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रायपुर संभाग की अंडर-19 बालक टीम ने रजत पदक तथा अंडर-19 बालिका टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में महासमुंद जिले से तुमगांव और शा. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुसदा के खिलाड़ियों ने जगह बनाई। प्रशिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई और अंजु प्रजापति के मार्गदर्शन में जिले से 04 बालक एवं 03 बालिका खिलाड़ी चयनित हुए।
बालिका वर्ग में प्रांजली भारती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अन्य खिलाड़ियों में गायत्री खैरवार और गोदावरी शामिल रहीं। बालक वर्ग से भावेश निषाद, समीर यादव, हुमेश, दीपेश ठाकुर और रोशन कुमार (तुसदा, बागबाहरा) ने शानदार खेल दिखाया।
खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास तुमगांव खेल मैदान एवं तुसदा स्कूल मैदान में कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और संभागीय स्तर पर बेहतर खेल दिखाकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
इस उपलब्धि पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिंहा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
👉 यह सफलता महासमुंद जिले की खेल प्रतिभा और रग्बी खेल के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाती है।






