
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र में विदेशी निवेश और डिमांड ड्राफ्ट क्लियरेंस के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्रार्थी से कुल 3 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी को जनवरी-फरवरी 2024 में एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें खुद को ग्रेट ब्रिटेन निवासी “डॉ. लोव्हीत” बताया गया। बाद में “ग्रेस डेविड” (स्कॉटलैंड निवासी) नामक महिला से संपर्क कराया गया, जिसने भारत में अस्पताल, ब्लाइंड इंस्टिट्यूट, रियल एस्टेट और लॉ कॉलेज में लगभग 500 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव देकर प्रार्थी को पार्टनर बनाने का झांसा दिया।
इस दौरान आरोपी द्वारा फर्जी ईमेल आईडी बनाकर खुद को बैंक, एंबेसी, आरबीआई और अन्य संस्थाओं का अधिकारी बताया गया। 10 जून 2024 को कथित तौर पर महिला के भारत आने और स्कॉटलैंड बैंक से जारी 103 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट के क्लियरेंस के नाम पर प्रार्थी से लगातार पैसे की मांग की गई। अलग-अलग बहानों से 31 जुलाई 2024 तक पहले करीब 11.50 लाख रुपये और बाद में विभिन्न किस्तों में कुल 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नवीन जून (34 वर्ष), निवासी सोनीपत (हरियाणा), वर्तमान में देवरी खुर्द (बिलासपुर) में रह रहा था, जिसने बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी का दुरुपयोग करते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थार और वेन्यू कार, मोबाइल फोन, टैबलेट और लैपटॉप जप्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिसकी जांच जारी है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
